अहमदाबाद न्यूज डेस्क: गुजरात के दाहोद-अहमदाबाद हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लिमखेड़ा के ढढेला मोड़ के पास महाराष्ट्र नंबर की एक SUV अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और खंभा भी टूटकर बिखर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहन का इंजन करीब 100 फीट दूर जा गिरा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के पुणे निवासी अभिषेक यादव और सचिन बिरादर के रूप में हुई है। दोनों के शव लिमखेड़ा भेजे गए हैं। वहीं चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दाहोद भेजा गया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। कार के अंदर फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।