अहमदाबाद न्यूज डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम सोमवार को कोलंबो एयरपोर्ट से भारत के लिए रवाना हुई। श्रीलंका में पाकिस्तान को हराकर टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम अब अहमदाबाद पहुंचेगी, जहां वह अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में नीदरलैंड से भिड़ेगी। भारत और नीदरलैंड के बीच यह मैच बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रुप ए में भारत ने लगातार तीन जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारत ने सात विकेट पर 175 रन बनाए।
इस जीत में ईशान किशन की 40 गेंदों में 77 रन (10 चौके, तीन छक्के) की विस्फोटक पारी अहम रही। उन्होंने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। जवाब में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी ध्वस्त कर दी। ईशान किशन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस जीत के साथ भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार 16 मैच जीतने का नया रिकॉर्ड बनाया, जो ऑस्ट्रेलिया के 15 लगातार जीत के रिकॉर्ड से आगे है। टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यह नौ मुकाबलों में आठवीं जीत रही। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान (44) और शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) ही कुछ संघर्ष कर सके, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाए।